नई दिल्ली। वैज्ञानिकों ने हाल में पृथ्वी की कक्षा में आ गई एक नई रहस्यमयी वस्तु की तस्वीर जारी की है। एक टीवी चैनल से प्राप्त समाचार के अनुसार चित्र में प्रदर्शित यह वस्तु अपने केन्द्र पर अत्यधिक प्रकाशमान है और अग्निकण उसके आगे पीछे आते जाते दिख रहे हैं। चैनल के अनुसार वैज्ञानिकों ने पहले बताया था कि यह वस्तु कोई छोटा चंद्रमा यानी लघु उपग्रह है। लेकिन अब वे कहने लगे हैं कि यह क्या है, इसके बारे में दावे से कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी। इस सम्बंध में कुछ भी दावा करने से पहले और अधिक अनुसंधान की आवश्यकता होगी। कुछ अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने इसके कृत्रिम वस्तु या पुराना कृत्रिम उपग्रह होने की भी आशंका जताई है।
उन्होंने सुझाया कि यह अंतरिक्ष में इकट्ठा कचरा भी हो सकता है। प्रमुख अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने एक बयान में कहा है कि यह वस्तु अत्यधिक सम्मोहक है। इस सप्ताह की शुरुआत में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक संघ ने इस वस्तु का नाम 2020 सीडी 3 रखा है। कुछ वैज्ञानिकों ने इसके चट्टानी धूमकेतु होने का कयास लगाया है, जो पृथ्वी के पास दिखने वाला चंद्रमा के अलावा दूसरा प्राकृतिक उपग्रह है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में एक ऐसी ही वस्तु पृथ्वी की कक्षा में दिखी थी, लेकिन अब वह वस्तु हमारी कक्षा से जा चुकी है।