अबुजा। नाइजीरिया में कम से कम 110 लोगों की सामूहिक हत्या का मामला सामने आया है, जिनमें अधिकर किसान शामिल हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार संघर्ष-प्रभावित बोर्नो राज्य की राजधानी माइदुगुरी के समीप जेरे स्थानीय सरकारी क्षेत्र में शनिवार की दोपहर कोशोबे गांव और अन्य ग्रामीण इलाकों में लोगों की सामूहिक हत्या की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद लोगों ने अपने खेतों में फसल की कटाई कर रहे पुरुषों और महिलाओं पर बर्बर हमला किया। आशंका है कि इस दौरान कई महिलाओं का अपहरण भी कर लिया गया है। अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन हाल के वर्षों में क्षेत्र में सशस्त्र समूह बोको हराम और इससे अलग होकर बने संगठन इस्लामिक स्टेट इन वेस्ट अफ्रीका प्रोविन्स (आईएसडब्ल्यूएपी) ने इस तरह के कई हमले किए हैं।
राष्ट्रपति ने की किसानों पर जिहादी हमले की निंदा
नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने इस्लामी विद्रोह का केंद्र माने जाने वाले देश के उत्तर-पूर्वी राज्य बोर्नाे में बीते शनिवार को किसानों पर जिहादियों के सामूहिक हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में 100 से अधिक किसानों की मौत हो गई थी। राष्ट्रपति ने रविवार को एक ट्वीट में कहा कि जेरे स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र में किसानों की हत्या दुखद और निंदनीय है। नाइजीरिया की सरकार ने देश की आबादी और अपने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उाने के लिए नाइजीरियाई सशस्त्र बलों को सभी आवश्यक समर्थन दिया है और यह आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि शनिवार को बोर्नाे के जेरे स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र में मोटरसाइकिलों पर आए बोको हरम आतंकवादी समूह के आतंकवादियों ने करीब 110 किसानों की हत्या और चावल के खेतों में काम करने वाली कई महिलाओं का अपहरण कर लिया था। आतंकवादी हमले में मारे गए 43 मृतकों का रविवार को क्षेत्रीय अधिकारियों की ओर से सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया था। इस दौरान बोर्नो के राज्यपाल बबगाना उमरा जुल्म सहित अन्य स्थानीय अधिकारी मौजूद थे।