नई दिल्ली। पूरी दुनिया में तबाही मचा रहे जानलेवा कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में भी बड़ी तेजी से फैल रहा है। सरकार की लाख कोशिशों और लॉकडाउन के बाद भी इसकी रफ्तार में तेजी आ रही है। भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 15 हजार के करीब पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार को शाम 5 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 14792 पहुंच गया है। जबकि इस जानलेवा वायरस के चलते 488 लोगों की मौत हो गई है। कोरोना मरीजों के ताजा आकंड़े के अनुसार देश में कोरोना के 12289 एक्टिव केस हैं। देश में अबतक कुल 2015 (1 माइग्रेटेड) मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश के 27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में से कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में अबतक 3323 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसमें से 201 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद 1707 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है, यहां 42 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 1355 मामलों के साथ मध्यप्रदेश तीसरे स्थान पर है, यहां 69 लोगों ने कोरोना के चलते अपनी जान गंवाई है। तमिलनाडु में 1323 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें से 15 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 603, गुजरात में 1272, हरियाणा में 225, जम्मू-कश्मीर में 328, कर्नाटक में 371, केरल में 396, पंजाब में 202, तेलंगाना में 791, उत्तर प्रदेश में 969 और पश्चिम बंगाल में 287 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।