जयपुर। ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) एडवांस्ड 2020 के परिणाम आज सुबह जारी हो गए हैं। इसमें आईआईटी बॉम्बे जोन के चिराग फालोर जेईई (एडवांस्ड) 2020 में कॉमन रैंक लिस्ट में टॉपर रहे हैं। उन्होंने 396 में से 352 अंक प्राप्त किए। वहीं आईआईटी रुड़की जोन की कनिष्का मित्तल 17वीं रैंक के साथ शीर्ष रैंक की महिला टॉपर हैं। उन्होंने 396 में से 315 अंक प्राप्त किए। परिणाम में जयपुर के वैभव राज ने ऑल इंडिया स्तर पर तीसरी और आर. मुहेन्द्र राज ने चौथी रैंक प्राप्त करके देश भर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। जो छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए हैं, वह आधिकारिक वेबसाइट जेईई एडवांस्ड पर अपने स्कोर चेक कर सकते हैं। इस साल इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली की ओर से परिणाम जारी किए गए हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर जेईई एडवांस्ड आंसर की भी जारी कर दी गई है। जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 27 सितंबर को लगभग 222 शहरों के 1000 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच आयोजित की गई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन करने वाले 2.5 लाख पात्र उम्मीदवारों में से 1.60 लाख (1,60,831) उम्मीदवारों ने ही इसके लिए आवेदन किया था। इस साल 96 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे।
इन्होंने किया क्वालिफाई
इस परीक्षा में कुल 1,50,838 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। पेपर 1 और 2 में कुल 43,204 उम्मीदवारों ने (एडवांस्ड) 2020 क्वालिफाई किया है। कुल योग्य उम्मीदवारों में से 6,707 महिलाएं हैं।
यह है टॉपर्स-:
1. चिराग फलोर
2. गेंगुला भुवन रेड्डी
3. वैभव राज
4. आर.मुहेंद्र राज
5. केशव अग्रवाल
6. हार्दिक राजपाल
7. वेदांग धीरेंद्र
8. श्याम शशांक
9. हर्षवर्धन अग्रवाल