नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और आजीवन ध्यानचंद पुरस्कार शनिवार को खेल दिवस के दिन राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति भवन से वर्चुअल समारोह के जरिए प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति इस साल 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न, 27 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, 13 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 15 खिलाड़ियों को आजीवन उपलब्धि के लिए ध्यानचंद पुरस्कार वर्चुअल माध्यम से प्रदान करेंगे। इसके अलावा 8 लोगों को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार, 5 संस्थानों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
भारत के सीमित ओवरों के कप्तान रोहित शर्मा, स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस स्टार मणिका बत्रा, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और रियो पैरालम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट मरियप्पन थंगावेलु को खेल रत्न से नवाजा जाएगा। खेल रत्न के इतिहास में यह पहला मौका है जब 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न प्रदान किया जाएगा। इससे पहले 2016 के रियो ओलम्पिक के बाद 4 खिलाड़ियों रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, कांस्य विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथे स्थान पर रही जिम्नास्ट दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को खेल रत्न सम्मान दिया गया था।
रोहित ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए एकदिवसीय विश्व कप में 5 शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर बनेंगे। विनेश ने 2018 में हुए राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। विनेश ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए देश को कोटा दिलाया था। मणिका बत्रा ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण सहित कुल 4 पदक जीते थे। उन्होंने 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था। रानी की कप्तानी में भारत ने अमेरिका को हराकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है। पैरा हाई जम्पर थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था।
इस बार 27 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर इशांत शर्मा, युवा निशानेबाज मनु भाकर और सौरभ चौधरी, तीरंदाज अतानु दास, बैडमिंटन जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी, टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण, फर्राटा एथलीट दुतीचंद, युवा गोल्फर अदिति अशोक, पहलवान राहुल अवारे और हॉकी खिलाड़ी आकाशदीप सिंह अर्जुन बनेंगे। अनुभवी कोच जसपाल राणा सहित 13 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से और 15 खिलाडिय़ों को आजीवन उपलब्धि के ध्यानचंद सम्मान प्रदान किया जाएगा। कर्नल सरफराज सिंह, अनिता देवी, सत्येंद्र सिंह और गजानंद यादव सहित 8 लोगों को अतुलनीय साहस के लिए राष्ट्रीय साहस पुरस्कार दिया जाएगा। देश में खेल को बढ़ावा देने के लिए 5 संस्थानों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।