जयपुर। प्रदेश में 50 नगर निकायों के 11 दिसंबर को सम्पन्न चुनावों के रविवार को परिणाम आ गए। परिणामों में कुल 1775 वार्डो में 619 सीट जीत कर कांग्रेस ने परचम लहराया। दूसरे नंबर पर 595 सीटों के साथ निर्दलीयों ने जीतकर राजनीतिक समीकरणों को नए आयाम दे दिए। विपक्षी पार्टी भाजपा 549 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही। अब सभी निकायों में बोर्ड बनाने के लिए राजनीतिक पार्टियों की रस्साकशी तेज हो चुकी है। प्रदेश के 21 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए चार चरणों में चुनाव हो चुके है। पहले 4 फेज में भाजपा का पलड़ा भारी रहा था। पांचवें फेज में नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा है। 5वें फेज में अलवर, बारां, करौली, दौसा, भरतपुर, जयपुर, धौलपुर, जोधपुर, कोटा, सवाई माधोपुर और सिरोही में 43 नगर पालिका और 7 नगर परिषद के कुल 1775 वार्डों के लिए वोट डाले गए थे। इन चुनावों में 7 हजार 249 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। निकाय चुनाव परिणामों में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने 619 वार्डों, निर्दलीयों ने 595, भाजपा ने 549, बसपा ने 7, सीपीआई ने 2, सीपीआईएम ने 2 और आरएलपी ने 1 वार्ड पर कब्जा किया है।
कई मंत्रियों की साख दांव पर
इन चुनावों में मंत्री परसादी लाल मीणा, लालचंद कटारिया, राजेन्द्र यादव, प्रमोद जैन भाया, भजनलाल जाटव और टीकाराम जूली की साख भी दांव पर लगी है। इन क्षेत्रों के सभी मंत्री और विधायक अल्प बहुमत वाले निकायों में बोर्ड बनाने के लिए जोड़ तोड़ की जुगत में लग गए हैं, जहां सत्ता की चाबी निर्दलीयों के पास बनी हुई है। वहां भाजपा और कांग्रेस के नेता निर्दलीयों को अपनी-अपनी बाड़ाबंदी में लाने के लिए रस्साकसी कर रहे हैं। कुछ जगह तो इसको लेकर आपसी विवाद होने के मामले भी सामने आए हैं।
अध्यक्ष पद के लिए 20 दिसंबर को मतदान
इन निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 14 दिसंबर यानि सोमवार को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र 15 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 16 दिसंबर को होगी। इसके बाद 17 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और चुनाव चिन्हों का आवंटन भी 17 दिसंबर को होगा। अध्यक्ष के लिए मतदान 20 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतगणना वोटिंग के तुंरत बाद होगी। उपाध्यक्ष के लिए मतदान 21 दिसंबर को होगा।
नगर पालिका और नगर परिषद चुनाव में जीते सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं । मैं प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी पर अपना भरोसा जताया और जीत दिलाई । मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उनकी मेहनत के लिए आभार व्यक्त करता हूं।
-अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री
50 नगर निकाय चुनाव में 70 फीसदी से ऊपर निकायों में कांग्रेस बोर्ड बनाएगी। कांग्रेस ने भाजपा को आइना दिखा दिया है। परिणाम बताते हैं कि भाजपा चुनावों में तीसरी पार्टी हो गई है। 17 में कांग्रेस बोर्ड बना रही है और 10 निकाय में भाजपा से आगे है । कांग्रेस 40 से अधिक निकायों में बोर्ड बनाएगी। 70 फीसदी से ज्यादा निर्दलीय कांग्रेस विचारधारा के है।
-गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस
कांग्रेस की सत्ता के बावजूद भाजपा और निर्दलीयों की संख्या मिला लें, तो जनादेश स्पष्ट रूप से सत्ता के विपरीत है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम करके, सत्ता से संघर्ष करके अनुकूल परिणाम दिए हैं। गहलोत सरकार जोड़-तोड़ बेशक कर ले, लेकिन पंचायतीराज चुनाव के परिणाम के बाद निकायों के नतीजे भी कांग्रेस के लिए निराशाजनक हैं।
-डॉ. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष