जयपुर। प्रदेश की नगरीय निकायों में नगर नियोजन संबंधित कार्यो के शीघ्र निष्पादन के लिए 116 नवीन पद पर शीघ्र भर्ती किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। नगरीय विकास आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि राज्य की नगरीय निकायों में नगर नियोजन संबंधित कार्यो को संपादित करने के लिए मात्र 94 पद सृजित हैं। जिससे कार्य निर्धारित समय मे पूर्ण नहीं हो पाते है। राज्य के समस्त नगरों के सुनियोजित विकास के लिए नगरीय क्षेत्र हेतु तैयार मास्टर प्लान की क्रियान्विति एवं नगरीय प्रबन्धन को सशक्त किए जाने हेतु निदेशालय, जयपुर एवं राज्य के समस्त नगरीय निकायों में नगर नियोजन शाखा का गठन किया जाकर नगर नियोजन संबंधी कार्यों को सम्पादित करने हेतु नगर नियोजकों/नगर नियोजन से संबंधित तकनीकी कर्मचारियों के 116 पदों का सृजन किया गया है। जिसमें उपनगर नियोजक 2 पद, सहायक नगर नियोजक के 33 पद, नगर नियोजन सहायक (कनिष्ठ नगर नियोजक) के 2 पद, वरिष्ठ प्रारूपकार के 67 पद, प्रारूपकार के 12 पद शामिल है। स्थानीय निकायों में तकनीकी पदों के सृजन किए जाने से राजस्व आय में अतिरिक्त बढ़ोत्तरी होगी एवं शहरों/कस्बों का सुनियोजित विकास हो सकेगा एवं आमजन की समस्याओं को त्वरित समाधान होगा।