उदयपुर। जिले में निकाय चुनावों में फतहनगर-सनवाड़, सलूम्बर व भींडर में अच्छे मतदान प्रतिशत को देखते हुए कांग्रेस को जहां तीनों पालिकाओं में अपना बोर्ड बनने की उम्मीद है वहीं भाजपा की ओर से दो पालिकाओं में उनका बोर्ड बनने व तीसरी पालिका में बराकर की टक्कर बताई जा रही है।
फतहनगर-सनवाड़ और सलुम्बर नगर पालिकाओं में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर रही है। यही वजह है कि वहां दोनों पार्टियों की ओर से अपनी अपनी जीत और बोर्ड बनने के दावे किए जा रहे हैं। भीण्डर में भाजपा और कांग्रेस को जनता सेना व कुबेर सेना की ओर से उतारे गए प्रत्याशियों से सीधी टक्कर थी। यहां दोनों पार्टियों के 25-25 प्रत्याशियों के सामने कुल 41 निर्दलीय प्रत्याशी थे।
यही वजह है कि यहां त्रिकोणीय मुकाबलों के कारण भाजपा और कांग्रेस सीधे सीधे अपना बोर्ड बना पाने के बारे में दावे करने की स्थिति में नहीं हैं। यूं तो कांग्रेस भीण्डर में भी अपना बोर्ड बनाने की उम्मीद जता रही है तो भाजपा बराबर की टक्कर के दावे कर रही है। अब भविष्य तो ईवीएम मशीनें खुलने पर ही पता चलेगा।
तीनों पालिकाओं में कांग्रेस बोर्ड:झाला
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने कहा कि पालिका चुनाव में भीण्डर, सलुम्बर और फतहनगर-सनवाड़ में कांग्रेस का बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की है। मतदान प्रतिशत भी अच्छा रहा। उन्होंने दावा किया कि तीनों पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनना पक्का है।
सलुम्बर, फतहनगर में भाजपा के बोर्ड: देवड़ा
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष भंवरसिंह देवड़ा का दावा है कि पालिका चुनाव में सलुम्बर और फतहनगर-सनवाड़ में भाजपा की मजबूत स्थिति है और इन दोनों पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनना पक्का है। भीण्डर में बराबर की टक्कर है।