रियांबड़ी/पादू कलां। भाजपा प्रदेश महामंत्री व राजसमंद सांसद दियाकुमारी ने पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रियांबड़ी उपखण्ड क्षेत्र में विभिन्न जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनता से झूठे वादे करके सत्ता हासिल की है। किसानों की कर्जमाफी तथा युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए सांसद ने कहा कि 2 साल में ही प्रदेश के मतदाताओं को समझ आ गया कि कांग्रेस ने उनके साथ छल किया है। इसका जवाब अब कांग्रेस पार्टी को इन पंचायतराज चुनावों में मिल जाएगा। पंचायत समिति एवं जिला परिषद प्रत्याशियों के समर्थन में रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र के पादू कलां, रियां बड़ी व जसनगर में आयोजित चुनावी सभा में सांसद दियाकुमारी ने कहा कि कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार मिटाने की बात करती है, जबकि कांग्रेस राज में ही भ्रष्टाचार हमेशा चरम सीमा पर रहा है।
सांसद दियाकुमारी ने कांग्रेस सरकार में हुए कई घोटालों को सिलसिलेवार सुनाते हुए कहा कि अब मोदी सरकार में भ्रष्टाचार के नाम से ही लोगों को डर लगता है। कोरोना के इस दौर में बिगड़े हालातों के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा आमजन के लिए लाई गई दिसंबर तक मुफ्त राशन योजना व किसानों के खाते में सीधा जमा होने वाली किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार करने सहित अन्य कई जन उपयोगी फैसलों पर सांसद ने कहा कि यह सब जनता के आशीर्वाद का नतीजा है जो कोविड काल में भी केंद्र सरकार जनहित में इस प्रकार के फैसले कर पाई है। सांसद दियाकुमारी ने कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा की जीत जरुरी है। गांवों में आपके समर्थन से बनने वाले भाजपा के प्रधान और जिला प्रमुख विकास को दोगुनी रफ़्तार से साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतराज चुनावों में भाजपा के प्रत्याशियों की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
कांग्रेस के पास नहीं है कोई विजन
भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित सभाओ में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं है। उनके कार्यकर्ता, अपने नेताओं की निष्क्रियता के कारण हताश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर मेड़ता विधानसभा की रियांबड़ी और मेड़ता पंचायत समितियों में प्रधान भाजपा का ही बनेगा व जिला परिषद सदस्य भी भाजपा के ही जीतेंगे।
पंचायतों में आमसभाएं और जनसम्पर्क
राजसमंद सांसद दियाकुमारी ने पंचायती राज चुनाव में रियां बड़ी पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशियों वार्ड संख्या 01 से सेवली देवी, वार्ड संख्या 02 से गोटी देवी, वार्ड संख्या 03 से शोभा देवी, वार्ड संख्या 04 से हाऊलाल माली, वार्ड संख्या 05 से लिछमाई देवी, वार्ड संख्या 06 से विजयलक्ष्मी, वार्ड संख्या 07 से गोपाल सिंह, वार्ड संख्या 09 से मोहनी देवी, वार्ड संख्या 10 से उगमा देवी, वार्ड संख्या 11 से गुड्डी देवी, वार्ड संख्या 12 से संगीता पुरी, वार्ड संख्या 13 से पिंकी कंवर, वार्ड संख्या 14 से देवीलाल, वार्ड संख्या 15 से पुष्पा देवी बांगड़, वार्ड संख्या 16 से नारायणी देवी व वार्ड संख्या 17 से दीनाराम सहित 3 जिला परिषद सदस्यों वार्ड संख्या 8 से शोभाराम वार्ड संख्या 9 से हीरा राम राव व वार्ड संख्या 11 से चुकली देवी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान भाजपा नेता ठाकुर अभय सिंह भैंसड़ा, पूर्व प्रधान रामप्रताप, पूर्व मेड़ता विधायक सुखराम नेतड़िया, जिला महामंत्री लीलाधर सोनी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित, पूर्व मण्डल महामंत्री मनीष व्यास, जसनगर मंडल अध्यक्ष रामनिवास गुर्जर, मदनराम गौरा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा, राकेश टाक व भंवरलाल बांगड़ आदि उपस्थित रहे।