जोधपुर । नगर निगम दक्षिण में सीटों के आधार पर जो अनुमान लगाया जा रहा था वह सही साबित हुआ और भाजपा की महापौर बनने के बाद भाजपा प्रत्याशी किशनलाल लड्ढा 16 वोट से जीतकर उप महापौर निर्वाचित हुए। एक दिन पहले हुए महापौर के चुनाव में जहां भाजपा की ओर से एक क्रॉस वोट पड़ा था। वहीं बुधवार को कांग्रेस की ओर से दो क्रॉस वोट डाले गए। नगर निगम दक्षिण में भाजपा के 46 पार्षद चुने गए हैं। वहीं तीन निर्दलीयों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस तरह कुल 46 वोट किशनलाल लड्ढा को मिलने थे। लेकिन उन्हें कांग्रेस के दो क्रॉस वोट होने से कुल 48 वोट मिले। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गणपतसिंह चौहान को 32 वोट मिले।
किशन लड्ढा के उप महापौर चुने जाने पर महापौर वनीता सेठ व पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने बधाई दी। भाजपा ने तीसरी बार अपने बोर्ड में उप महापौर बनाया है। पिछले बोर्ड में घनश्याम ओझा महापौर थे और देवेंद्र सालेचा उप महापौर बनाए गए। वहीं नगर निगम के पहले बोर्ड में डॉ. खेतलखानी महापौर बनाए गए थे। उस समय पूर्व विधायक माधो सिंह कच्छवाहा उप महापौर चुने गए थे। भाजपा पार्षदों को अब तक बाड़ेबंदी में रखा गया। मंगलवार को महापौर के लिए वोट देने के बाद सभी भाजपा प्रत्याशियों को बस में बैठा कर दोबारा पाली स्थित रिसोर्ट ले जाया गया। बुधवार को उपमहापौर के लिए मतदान करने सभी को बस में रिसोर्ट से सीधा नगर निगम दक्षिण के कार्यालय लाया गया। यहां सभा कक्ष में पार्षदों ने मतदान किया।
मोबाइल को लेकर हुई बहस
कांग्रेसी पार्षद भी समूह में वोट देने पहुंचे। मोबाइल फोन अंदर नहीं ले जाने की बात को लेकर कुछ कांग्रेसी पार्षदों की मुख्य द्वार पर खड़े कर्मचारियों से बहस भी हुई।
आयुक्त ने दी शुभकामनाएं
किशन लड्ढा के विजेता घोषित होने के बाद निगम आयुक्त रोहिताश्व सिंह तोमर भी महापौर कक्ष में बधाई देने पहुंचे। उन्होंने नवनिर्वाचित महापौर वनीता सेठ और उपमहापौर किशन लाल लड्ढा को गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही आधिकारिक तौर पर पद की जॉइनिंग कराई गई।
कार्यकर्ताओं में जोश
किशनलाल लड्ढा के नगर निगम दक्षिण में उप महापौर बनने की घोषणा होने के साथ ही नगर निगम के बाहर कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे। उपमहापौर की गाड़ी को फूल मालाओं से सजाया गया। उनके निगम से बाहर आने पर 51 किलो की फूल माला पहनाई गई। कार्यकर्ता भाजपा जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। लड्ढा जब गाड़ी में बैठकर रवाना हुए तो सभी विक्ट्री का साइन बनाकर खुशी जताते हुए निकले।
कर्मचारियों ने किया स्वागत
उप महापौर चुने जाने के बाद किशन लाल लड्ढा को कर्मचारी सफाई मजदूर संघ व अन्य कर्मचारियों द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया। अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दी।
आज होगी पहली बैठक
नगर निगम दक्षिण में नवनिर्वाचित महापौर के साथ निगम अधिकारियों की पहली बैठक गुरुवार दोपहर 12 बजे आयोजित होगी। शहर में दिवाली की सफाई व सीवरेज जैसे मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा की जाएगी।
पिछले बोर्ड के काम आगे बढ़ाएंगे
नगर निगम दक्षिण में उप महापोर किशन लाल लड्ढा ने कहा, शहर की सीवरेज, सड़कें व रोड लाइटें के कार्य की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पिछले भाजपा बोर्ड को सफल बताते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। इसके साथ ही अपनी जीत के लिए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।