जोधपुर । शहर में शुक्रवार को जिला पश्चिम की पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से अलग-अलग स्थानों से 9 पिस्तौलें जब्त करने के साथ 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। इनसे पूछताछ में पता लगा कि ये लोग पैसे की चाहत के साथ अपराध जगत में डॉन बनने की चाह रख रहे थे। तीन तो अभी हाल ही में जमानत पर छूटे है। पुलिस अब इनसे गहन पूछताछ में जुटी है। पुलिस की ओर से लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई है। डीसीपी (पश्चिम) प्रीति चंद्रा ने बताया, कि पकड़े गए सभी युवा टशन के लिए पिस्तौल रखते थे। कहीं ने कहीं दहशत व तस्करी के रास्ते मोटी कमाई की इच्छा रखते थे।
सरदारपुरा व देवनगर पुलिस ने सूचना के आधार पर सभी को गिरफ्तार किया। पिछले सप्ताह हुई कार्रवाई में जिला पश्चिम पुलिस ने 11 पिस्तौल व 17 जिंदा कारतूस के साथ 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। डीसीपी प्रीति चंद्रा के अनुसार सरदारपुरा पुलिस ने नेहपाल सिंह को गिरफ्तार किया था। पुखराज पुत्र छोगाराम विश्नोई भी लूणी थाना इलाके के कांकाणी गांव का रहने वाला है। पिछले सप्ताह जब पुलिस नेहपाल सिंह को गिरफ्तार करने गई तो पुखराज वहां से बच निकला था, जिसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए तीन बदमाश हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा हुए थे, जिन्होंने बाहर आते ही अवैध पिस्तौल खरीद ली थी। वहीं दो बदमाश सिर्फ टशन के लिए पिस्तौल रखते थे। वहीं एक बदमाश सुरेंद्र पिस्तौल रख रूतबा दिखाने के साथ तस्करी के रास्ते पर जाना चाहता था, और वह अमीर बन सके।
लारेंस गैंग का गुर्गा भी धरा गया
देवनगर थानाधिकारी सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया, कि लॉरेंस गैंग से जुड़े फगलू उर्फ बबलू पुत्र अर्जुनराम विश्नोई को हैड कांस्टेबल अनिल व कांस्टेबल बिरजू सिंह की सूचना पर गिरफ्तार किया। फगलू पीपाड़ के रामड़ावास हाल राजीव गांधी कॉलोनी रह रहा था। उसके पास से एक पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। फगलू डेढ़ माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। ग्रेजुएशन की पढ़ाई बीच में छोड़ी और राकेश मांझु के संपर्क में आ गया। पूर्व में सुनील चांडक व बंबानी पर फायरिंग का आरोपी है। मामले में गिरफ्तार हो चुका था जेल से अभी ही छूटा था।
अमीर बनने के लिए 12वीं के बाद छोड़ी पढ़ाई
सरदारपुरा थानाधिकारी लिखरमाराम ने बताया, कि डांगियावास थाना इलाके के सालवां कला निवासी सुरेंद्र पुत्र सोहनलाल जाट को एक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की भाभी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर है, वहीं पिता व भाई उसे अफसर बनाना चाहते थे, लेकिन अमीर बनने की चाह ने अपराध से जुड़े लोगों से मिलवाया। 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी और क्राइम की दुनिया में कदम रख दिया। उप निरीक्षक प्रवीण जुगतावत ने 19 साल के पुखराज पुत्र छोगाराम विश्नोई को एक पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पिछले सप्ताह अवैध हथियार के साथ पकड़े गए नेहपाल सिंह के गांव का ही है। उससे दोस्ती के बाद दसवीं तक पढ़ाई कर छोड़ी और पिस्तौल इसलिए कि तस्करी व धमकी दे सके। कुछ ही समय पहले जमानत पर छूटा था।
कुलदीप के खिलाफ पहले भी है केस
उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने बिलाड़ा के चांदेलाव हाल बीजेएस कॉलोनी रहने वाले कुलदीप पुत्र खेतसिंह राजपूत को 2 पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। 12वीं की पढ़ाई छोड़ने के बाद अपराध से जुड़े लोगों से मिला। बनाड़ थाना इलाके में खंगार रेस्टोरेंट भी संचालित करता है। लेकिन उसी की आड में दबंगई व मारपीट करता था। रातानाडा, महामंदिर, डांगियावास, बिलाड़ा व बनाड़ सहित कई थानों में प्रकरण पूर्व में दर्ज है।
इनको भी किया गिरफ्तार
देवनगर थाने के उप निरीक्षक सुखराम ने पीपाड़ के बांकलिया रहने वाले रामनिवास पुत्र सोहनलाल माली को एक पिस्तौल व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। 3 साल पहले चौहाबो थाना इलाके में एक युवक से झगड़ा होने के बाद उस तेजाब उड़ेल हत्या का प्रयास किया था। जेल से जमानत पर रिहा हो रखा था। वहीं देवनगर थाने के उप निरीक्षक सरजिल मलिक ने अनिल पुत्र बिरबलराम विश्नोई को एक पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। रूतबे के लिए पिस्तौल का रखना शुरू किया।