जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अम्बर भवन बापू नगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा अनावरण कर खादी प्रदर्शनी का अवलोकन किया किया और खादी के नवनिर्मित शोरूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खादी वस्त्र नहीं विचार है। गांधी जयंती पूरे राजस्थान में हर्षोल्लास से मनाई जा रही है। हर गांव-ढाणी में स्कूल के बच्चों से लेकर स्वयंसेवी संस्थाएं, सरकारी संगठन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को पूरे उत्साह उमंग से मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में एक विचार गांधीवादी परंपरा को समाप्त करने पर तुला हुआ है, लेकिन हिंदुस्तान में गांधी का विचार आज भी जिंदा है, लोग गांधी के विचार पर चलकर दुनिया में अमन व शांति का संदेश देना चाहते हैं। उन्होंने फिर दोहराया की खादी पर 50 प्रतिशत छूट देने से राजस्थान में बिक्री के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं और खादी संस्थाओं ने भी नई तकनीक अपनाकर खादी के नए उत्पाद तैयार किए हैं, जो देखते ही मन को भाते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी व नेहरू के विचार को जितना दबाने का प्रयास करोगे, वह उतना उभरकर आएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में खादी संस्थाएं और उनके कार्यकर्ता मौजूद रहे।