नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने मकर संक्रांति के मौके पर देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, माघ बिहू समेत अन्य त्योहारों की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह के संचार की कामना की है। मोदी ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया कि देशवासियों को मकर संक्रांति की बहुत-बहुत बधाई। मेरी कामना है कि उत्तरायण सूर्यदेव सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करें।
प्रधानमंत्री ने पोंगल की बधाई देते हुए लिखा कि सभी को पोंगल की बधाई, विशेषकर मेरी तमिल बहनों और भाइयों को। यह विशेष पर्व तमिल संस्कृति को सबसे सुंदर ढंग से प्रर्दशित करता है। हमें अच्छे स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद मिले। यह त्योहार हमें प्रकृति के साथ सद्भाव से रहने और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रेरित करता है।
केजरीवाल ने दी मकर संक्रांति की शुभकामनाएं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल एवं उत्तरायणी के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ रहने की कामना की है। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सभी देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल एवं उत्तरायणी के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पर्व आपके जीवन में सुख-समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आएं। ईश्वर से कामना है कि आप खुश रहें, स्वस्थ रहें।
राहुल-प्रियंका ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि अपने हक की लड़ाई लड़ रहे किसानों को और मजदूरों को न्याय मिलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि फसलों की कटाई का समय खुशी और उत्सव का अवसर होता है। सभी को मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू, भोगी और उत्तरायण की शुभकामनाएं। हक के लिए शक्तिशाली लोगों के खिलाफ लड़ रहे किसान, मजदूरों के लिए विशेष प्रार्थना और शुभकामनाएं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि समस्त देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और भोगी की हार्दिक शुभकामनाएं। फसलों से जुड़े इन त्यौहारों के उल्लास के बीच ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि फसल उगाने वाले अन्नदाताओं को न्याय मिले।