नागपुर। लखनऊ से मुंबई जा रहे एक विमान में सफर कर रही 8 साल की बच्ची की उड़ान के बीच कथित रूप से कार्डियक अरेस्ट के चलते मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बच्ची अपने पिता के साथ मुंबई जा रही थी। इस दौरान सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर नागपुर हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिसके बाद उसको सरकारी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एमसीएच के अधिकारियों ने बताया कि मौत का कारण पता लगाने के लिए विसरा सैंपल प्रिसर्व कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया डॉक्टरों ने अधिक ऊंचाई में सफर के चलते कार्डिऐक अरेस्ट को मौत का कारण बताया। अधिकारियों ने बताया कि वह ऐनायमिक (ऐनेमिया से पीड़ित) थी। पिता ने इसे जाहिर नहीं किया था, अन्यथा उन्हें फ्लाइट में बैठने की इजाजत नहीं मिलती।
अधिकारियों ने बताया कि 8 से 10 ग्राम से नीचे हीमोग्लोबिन वाले मरीजों को उड़ान की इजाजत नहीं होती है। आयुषी का हीमोग्लोबिन मात्र 2.5 ग्राम था। वे दोनों इलाज के लिए मुंबई जा रहे थे। किंग्सवे अस्पताल की मेडिकल टीम ने विमान के लैंड करते ही मरीज को रिसीव किया। अस्पताल का नागपुर एयरपोर्ट से टाइअप है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले के सहेरिखास निवासी आयुषी पूनावशी प्रजापति और उसके पिता मुंबई जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक बच्ची के इलाज के लिए उसे लखनऊ से मुंबई ले जाया जा रहा था, लेकिन यात्रा के दौरान बच्ची की हालत बिगड़ गई और विमान को आपातकालीन स्थिति में उतारा गया और बच्ची को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।