मुंबई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। भावनात्मक मुद्दों पर प्रचार नहीं होना चाहिए। बीजेपी मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़कर दिखाए। उन्होंने महाराष्ट्र में कांग्रेस की जीत का दावा किया। गहलोत इन दिनों महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार कर रहे है। बुधवार को मुंबई में कांग्रेस दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विकल्प नहीं हो सकता। अभी जो शासन में है, उनका लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है। मोदी व ट्रंप मामले पर गहलोत ने कहा कि ट्रंप ने मोदी को राष्ट्रपिता कहा, मोदी को उन्हें टोकना चाहिए था।
गहलोत ने कहा कि एनएसएसओ के आंकड़े चुनाव से पहले छिपाए गए, चुनाव के बाद ही सामने लाए गए। देश की डेमोक्रेसी खतरे में है। पार्टी की विचारधारा को लेकर प्रचार किया जाना चाहिए। भावनात्मक मुद्दों पर प्रचार नहीं होना चाहिए। 70 साल में कांग्रेस लोकतंत्र को जिंदा नहीं रखती तो मोदीजी प्रधानमंत्री नहीं बनते। भाजपा का लोकतंत्र पर यकीन नहीं है, यह फासिस्ट है। मोदीजी 2014 के चुनावी वादों की बात नहीं करते, उनका क्या हुआ। अयोध्या मामले में पूछे गए सवाल पर कहा कि यह न्यायालय में विचाराधीन मामला है, इसलिए अभी टिप्पणी करना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कई जगहों पर चुनावी सभाएं की और जनसम्पर्क कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने मुंबई कांग्रेस के सोशल मीडिया रूम का भी अवलोकन किया और टीम के सदस्यों से बातचीत की।