कोलकाता। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित दिग्गज बंगाली एक्टर सौमित्र चटर्जी का 85 साल की उम्र में निधन हो गया। चटर्जी ने कोरोना वायरस से संक्रमित होने के 38 दिन बाद रविवार को कोलकाता के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। 6 अक्टूबर को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के सौमित्र चटर्जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस वायरस से अभिनेता ने जंग जीत ली थी, लेकिन उनकी तबीयत आए दिन बिगड़ती जा रही थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। सौमित्र चटर्जी के दुनिया को अलविदा कह जाने से उनके फैंस और सेलेब्स को झटका लगा है। सोशल मीडिया पर सौमित्र चटर्जी को याद कर से सेलेब्स और फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी परिवार को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचीं।
सौमित्र चटर्जी बांग्ला सिनेमा की बड़ी शख्सियत थे। उन्होंने 1959 में फिल्म 'अपुर संसार' से अपने करियर की शुरुआत की थी। सौमित्र ने ऑस्कर विनिंग डायरेक्टर सत्यजीत रे के साथ 14 फिल्मों में काम किया था। सौमित्र भारतीय फिल्म जगत के प्रसिद्ध निर्देशक सत्यजीत रे के सबसे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक थे। सौमित्र चटर्जी की दमदार एक्टिंग और उनका स्क्रीन प्रेजेंस उन्हें फिल्ममेकर्स का फेवरेट बनाता था। सौमित्र चटर्जी को 3 बार नेशनल अवॉर्ड मिला था। इसके अलावा वे संगीत नाटक एकेडमी अवॉर्ड, 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड के साथ पद्म भूषण से सम्मनित किए गए थे।