मुंबई। फिल्म निर्देशक रिभु दासगुप्ता के निर्देशन में बनी परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है और इसे काफ़ी पसंद किया जा रहा है। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी चचेरी बहन परिणीति चोपड़ा की आने वाली फिल्म के ट्रेलर की तारीफ की है। प्रियंका ने ट्रेलर शेयर करके लिखा, तुम पर गर्व है माई गर्ल। इसे देखने का इंतजार है। 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' 26 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। यह फिल्म अंग्रेजी फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' का आधिकारिक रीमेक है। फिल्म में परिणीति के साथ अदिति राव हैदरी और कीर्ति कुल्हरी भी अहम किरदारों में दिखेंगी।
दोनों अभिनेत्रियों ने अपने किरदारों के लुक सोशल मीडिया में शेयर किए हैं। अदिति ने लिखा कि आपको कभी पता नहीं चलता कि आपने सही ट्रैक पकड़ा है, जब तक कि आप इस पर नहीं होते। कीर्ति कुल्हरी फिल्म में ब्रिटिश पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखेंगी। कीर्ति ने अपना लुक शेयर करके लिखा कि जब आप सच के पीछे होते हो और आपको पता नहीं चलता। द गर्ल ऑन द ट्रेन एक ऐसी लड़की मीरा की कहानी है, जो रोज ट्रेन से सफऱ करते हुए ट्रेन से एक परिवार को खुशहाल जिंदगी जीते हुए देखती है, लेकिन एक दिन कुछ ऐसा देखती है कि उसकी जिंदगी में उथल-पुथल मच जाती है और वो सच जानने के पीछे लग जाती है।