मुंबई। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार का पहला म्यूजिक वीडियो 'फिलहाल' रिलीज कर दिया गया है। अपने डेब्यू म्यूजिक वीडियो 'फिलहाल' में अक्षय कुमार कृति सैनन की बहन नुपूर संग रोमांस करते नजर आ रहे हैं। बी प्राक द्वारा गाया हुआ यह गाना एक अधूरी प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें दो प्रेमी समाज के बनाए नियमों की वजह से एक नहीं हो पाते।
अक्षय ने अपने पहले म्यूजिक वीडियो को लेकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया। उन्होंने वीडियो को लिंक शेयर करते हुए लिखा कि इंडस्ट्री में इतने साल रहने के बाद, मैंने म्यूजिक वीडियो में डेब्यू करने का फैसला लिया, क्योंकि कुछ चीजें समझाई जाने से बेहतर हैं। अक्षय के इस म्यूजिक वीडियो ने रिलीज होते ही यूट्यूब पर धमाल मचा दिया है। इस वीडियो को अब तक 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार जल्द ही 'सूर्यवंशी' और 'गुड न्यूज' में नजर आएंगे। इस फिल्म के अलावा उनके पास पृथ्वीराज चौहान की बायोपिक, 'बच्चन पांडे', 'लक्ष्मी बम' और निखिल आडवाणी की एक फिल्म कतार में है।